
बक्सर. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून 2026 सत्रांत परीक्षा 1 जून से 21 जुलाई 2026 तक देशभर में आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा प्रतिवर्ष दो बार जून एवं दिसंबर सत्र में आयोजित होती है. पटना क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत अध्ययन केंद्र एमवी कॉलेज बक्सर (0591) को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां इस वर्ष लगभग 14,000 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे.
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कृष्ण कांत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी. परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक डॉ. रास बिहारी शर्मा ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से कम-से-कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर अपना स्थान सुनिश्चित कर लें. उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में सभी का सहयोग आवश्यक है. यदि किसी कारणवश किसी विद्यार्थी का कोई पेपर छूट जाता है तो घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इग्नू विद्यार्थियों को अपनी सुविधा अनुसार अगले सत्र में पुनः परीक्षा देने का अवसर प्रदान करता है. केंद्र के सह-समन्वयक डॉ. सुजित कुमार यादव ने बताया कि परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. परीक्षार्थियों को केवल अपना एडमिट कार्ड (हॉल टिकट), पहचान पत्र (आई-कार्ड) एवं कलम लेकर ही परीक्षा केंद्र पर आने की अनुमति होगी. यदि किसी विद्यार्थी के पास आई-कार्ड उपलब्ध नहीं है तो फोटोयुक्त अन्य वैध पहचान पत्र मान्य होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन अथवा ऐसे उपकरण जिनसे परीक्षा संचालन में बाधा उत्पन्न हो सकती है, परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति नहीं होगी. यदि किसी परीक्षार्थी के पास ऐसे उपकरण पाए जाते हैं तो उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है. भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है. केंद्र के सह-समन्वयक डॉ. रवि प्रभात ने परीक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने एडमिट कार्ड में अंकित परीक्षा तिथि एवं समय को ध्यानपूर्वक जांच लें तथा उसी अनुसार परीक्षा में सम्मिलित हों. उन्होंने बाहर से आने वाले विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे परीक्षा केंद्र का स्थान एक दिन पूर्व ही देख लें ताकि आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समय से पूर्व घर से निकलें.




