बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में गाजीपुर एलेवन फाइनल में, सिवान को पेनाल्टी में 4-3 से हराया


बक्सर। ब्रह्मपुर प्रखंड के धरौली गांव स्थित जोगीबीर बाबा खेल मैदान में आयोजित बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के पांचवें दिन बुधवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। कड़े संघर्ष वाले इस मुकाबले में गाजीपुर एलेवन ने यूनाइटेड क्लब सिवान को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा नेता प्रदीप राय एवं विशिष्ट अतिथि डुमरांव विधायक राहुल सिंह, भाजपा नेता इंद्रजीत बहादुर सिंह तथा स्वंयम्बर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और गेंद को किक मारकर किया।

सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। निर्धारित समय में गाजीपुर एलेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि मध्यांतर के बाद यूनाइटेड क्लब सिवान ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बराबरी का गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। तय समय तक कोई निर्णय नहीं निकलने पर मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें गाजीपुर एलेवन ने 4-3 से जीत दर्ज की।
मैच के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, बेहतरीन पासिंग और शानदार गोल पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उद्घाटनकर्ता प्रदीप राय ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को मजबूत करते हैं।
फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश सिंह एवं व्यवस्थापक रंजीत सिंह उर्फ फुड्डू सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और आयोजन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि टूर्नामेंट के छठे दिन दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला नेपाल और आरा की टीमों के बीच खेला जाएगा।
मुख्य आयोजनकर्ता एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता बाबू मनोज सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबू राजमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। वहीं डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने जानकारी दी कि 26 दिसंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें विजेता टीम को 5 लाख रुपये नकद एवं कप तथा उपविजेता टीम को 2 लाख 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मैच में मुख्य रेफरी की भूमिका मोहम्मद सलाम ने निभाई, जबकि सहायक रेफरी के रूप में शशि कुमार सुमन, संतोष पांडेय, पप्पू कुमार सिंह एवं जनार्दन सिंह तैनात रहे। उद्घोषणा मनीष उपाध्याय एवं आशुतोष पांडेय ने की।
इस अवसर पर रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय, समाजसेवी मंटू सिंह, सरपंच लालबाबू सिंह, कांग्रेस नेता अनिरुद्ध सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रूपेश दुबे, बंटी सिंह, मोनू सिंह, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।



