22 जनवरी को बक्सर में विश्वामित्र सेना का स्थापना दिवस सह कंबल वितरण समारोह
एक वर्ष की तपस्या, सेवा और संघर्ष की गाथा


बक्सर:सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं एवं सामाजिक सेवा के लिए समर्पित संगठन विश्वामित्र सेना अपने स्थापना दिवस के एक वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर स्थापना दिवस सह कंबल वितरण समारोह का भव्य आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम 22 जनवरी 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 02 बजे तक वामन आश्रम खेल मैदान, बक्सर में आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य बक्सर की सनातन, पवित्र एवं गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सहेजना, समाजसेवा को सशक्त करना और जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाना है। समारोह में कंबल वितरण के साथ-साथ संगठन की एक वर्ष की उपलब्धियों और भावी संकल्पों को भी साझा किया जाएगा।
एक वर्ष में सेवा और संस्कृति के उल्लेखनीय कार्य
विश्वामित्र सेना ने अपने गठन के मात्र एक वर्ष के भीतर समाज और संस्कृति के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक व प्रेरणादायी पहल की हैं। बीते वर्ष संगठन द्वारा—
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर सनातन गौरव का संदेश
पंचकोसी यात्रा एवं सनातन जोड़ो यात्रा का आयोजन
व्यापक सदस्यता अभियान
बोल बम सेवा पखवाड़ा
जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क शिक्षा केंद्रों का संचालन
सनातन संस्कृति संरक्षण हेतु वेद गुरूकुलम की स्थापना
कंबल वितरण सहित विविध सेवा कार्य
सामूहिक जनेऊ संस्कार जैसे पावन आयोजनों का संपादन
जैसे अनेक जनकल्याणकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं।
बक्सर की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने का संकल्प
रामरेखा घाट की आवाज़ से लेकर महर्षि विश्वामित्र पार्क, महर्षि विश्वामित्र स्टेशन, संगठन विस्तार और सनातन चेतना के जागरण तक—इन प्रयासों के माध्यम से विश्वामित्र सेना ने बक्सर की देवभूमि स्वरूप पहचान को सुदृढ़ करने का सतत प्रयास किया है। संगठन का कहना है कि इन उपलब्धियों से मनोबल दोगुना हुआ है और यह संकल्प और भी दृढ़ हुआ है कि जब तक आराध्य प्रभु श्रीराम बक्सर में अपने शिक्षा-स्थल पर पुनः प्रतिष्ठित नहीं हो जाते, तब तक यह तप, त्याग और संघर्ष अनवरत जारी रहेगा।

आयोजकों ने जिलेवासियों, संत-महात्माओं, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



