कडसर दुष्कर्म कांड में तीसरे आरोपी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण


बक्सर। सोनवर्षा थाना क्षेत्र के कडसर गांव में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले में तीसरे आरोपी ने भी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। कडसर गांव निवासी नागेन्द्र महतो ने पुलिस दबिश के कारण न्यायालय में सरेंडर किया। इसकी पुष्टि सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नामजद तीसरे आरोपी नागेन्द्र महतो ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। ज्ञात हो कि कडसर गांव में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर महिला थाना बक्सर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इस कांड में मुख्य आरोपी उमाकांत दुबे को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं दूसरे आरोपी सुंदर पासवान उर्फ शशिकांत कुमार ने सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। अब तीसरे आरोपी के भी सरेंडर के बाद इस मामले के सभी तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में पहुंच गए हैं।



