बक्सर में किराना व्यवसायी को कनपटी में मारी गोली, गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर


बक्सर। जिले के रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुर बेनीलाल के डेरा गांव में मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान स्वर्गीय भुवनेश्वर शाह के 24 वर्षीय पुत्र राकेश गुप्ता के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश गुप्ता रोज़ की तरह अपनी किराना दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने अचानक उनकी कनपटी में सटाकर गोली चला दी। और गोली मारते ही अपराधी मौके से फरार हो गया, गोली लगते ही राकेश गुप्ता गंभीर रूप से जख्मी होकर मौके पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए सिमरी पीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए घायल को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।



