रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि से पूर्व मेहंदी रस्म संपन्न,
15 फरवरी को होगा भव्य शिव-विवाहोत्सव


बक्सर।शहर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले शिव-पार्वती विवाह समारोह की श्रृंखला में गुरुवार को मेहंदी की रस्म श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुई। मंदिर परिसर में आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

इससे एक दिन पूर्व मटकोड़ और हल्दी की रस्में विधि-विधान से पूरी की गई थीं। महाशिवरात्रि से पहले होने वाली मेहंदी रस्म में परंपरा के अनुसार माता पार्वती को मेहंदी अर्पित की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और मंगल गीतों की गूंज से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में शामिल महिलाएं और पुरुष विशेष रूप से हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजे नजर आए। महिलाओं ने शिव-पार्वती विवाह से जुड़े पारंपरिक विवाह गीत गाकर माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया। मंदिर के पुजारी की देखरेख में सभी रस्में विधिवत संपन्न कराई गईं।

श्रद्धालुओं ने माता पार्वती को मेहंदी के साथ सुहाग की सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की। ज्योतिषाचार्य पं. मुन्ना जी चौबे ने बताया कि शिव-पार्वती विवाह की रस्मों में भाग लेने से दांपत्य जीवन में सुख-शांति और खुशहाली आती है।
मंदिर समिति के अनुसार, मेहंदी की रस्म के बाद शिव विवाह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 15 फरवरी की रात महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती का भव्य विवाहोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



