Crime

बक्सर सेंट्रल जेल परिसर के वामनेश्वर मंदिर में लाखों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बक्सर। जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले बक्सर सेंट्रल जेल परिसर स्थित प्राचीन वामनेश्वर मंदिर में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर भगवान वामन का चांदी का मुकुट, चांदी का पायल, पीतल के घंटे, इनवर्टर एवं बैट्री सहित लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर का ताला टूटा देख उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

बताया जाता है कि यह मंदिर जेल परिसर के भीतर स्थित है, जहां 24 घंटे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहती है। ऐसे में सख्त निगरानी वाले क्षेत्र में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जेल परिसर के भीतर चोरी हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही जेल कर्मियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र उपाध्यक्ष द्वारा इस संबंध में लिखित आवेदन दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!