

बक्सर। गंगा स्नान के दौरान रामरेखा घाट पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मलाहटोली निवासी 20 वर्षीय महावीर कुमार गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए सिविल लाइन निवासी 41 वर्षीय संजू भर पानी में उतरे, लेकिन वह भी गहराई की चपेट में आकर डूबने लगे।
दोनों को डूबता देख मलाहटोली निवासी 15 वर्षीय आकाश कुमार उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूद गया। हालांकि पानी अधिक गहरा होने के कारण महावीर कुमार और संजू भर डूब गए। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला।
घटना के बाद सभी को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने महावीर कुमार और संजू भर को मृत घोषित कर दिया। वहीं आकाश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।



