बक्सर के राजपुर में युवक की गला दबाकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया रोड जाम

बक्सर/राजपुर। बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में होली के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दरवाजे पर सो रहे 20 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मृतक की पहचान हेठुआ गांव निवासी मंटू मौर्य (20 वर्ष), पिता भागीरथी सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम हटवाया।
घर में घुसकर मारपीट, गला दबाकर हत्या
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम होली के मौके पर गांव में रंग-गुलाल का माहौल था। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने मंटू मौर्य के साथ मारपीट की थी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था।
परिजनों के अनुसार देर रात लगभग 11:30 बजे वही युवक फिर से गाली-गलौज करते हुए मंटू के घर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे। दरवाजा खोलते ही वे जबरन घर में घुस गए और मंटू के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी मां प्रमिला देवी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया।

आरोप है कि इसके बाद युवकों ने मंटू की बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर उसे अचेत कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के आने की आहट पाकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन उसे इलाज के लिए बक्सर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो घंटे तक रहा चौसा-कोचस मुख्य मार्ग जाम
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह करीब 10 बजे भलुहा के पास चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए।
करीब दो घंटे तक जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री बस और छोटी गाड़ियां फंस गईं, जबकि कुछ वाहनों को करीब 15 किलोमीटर दूर ग्रामीण रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर दोपहर करीब 12 बजे जाम समाप्त कराया गया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार करीब छह महीने पहले मंटू मौर्य की बकरी चोरी हो गई थी, जिसकी प्राथमिकी राजपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया था। बताया जाता है कि इसी मामले को लेकर गांव के कुछ युवक नाराज थे और लगातार मंटू को जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
कुछ महीनों बाद होने वाली थी शादी
परिजनों ने बताया कि मंटू मौर्य की शादी की बातचीत चल रही थी और कुछ ही महीनों में उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी होली के दिन हुई इस घटना से मातम का माहौल है।
पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
मामले में मृतक के पिता भागीरथी सिंह के लिखित आवेदन पर राजू खरवार, रोहित खरवार, सुनील खरवार, संजय खरवार और सुरेंद्र खरवार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
नेताओं ने की निंदा
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व बसपा नेता सह कुशवाहा महासंघ के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा मौके पर पहुंचे और घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो न्याय की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा।




