बक्सर में पुलिस पर हमला करने वाले दो शराब तस्कर गिरफ्तार, अवैध हथियार व 5 जिंदा कारतूस बरामद

बक्सर:जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को अवैध हथियार और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी कुछ दिन पहले जवही दीयर पिकेट पोस्ट पर तैनात
पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना में भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार 2 मार्च को शराब की खेप पकड़वाने से नाराज़ बदमाशों ने पिकेट पोस्ट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की थी और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। इस दौरान आठ से नौ की संख्या में अपराधियों ने दोनों जवानों को घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में पीड़ित हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय रवि कुमार (पिता राजन साह) और रानीसागर निवासी 22 वर्षीय पप्पू कुमार (पिता सुरेंद्र तुरहा) के रूप में की है। एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ब्रह्मपुर के पश्चिम टोला के पास रहथुआ जाने वाले मार्ग से दोनों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान रवि कुमार के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि पप्पू कुमार के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही पिकेट पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ हुई मारपीट की घटना में शामिल होने की बात भी कबूल की है।
आठ-नौ बदमाशों ने घेरकर किया था हमला
पीड़ित हवलदार रामप्यारे पासवान ने अपने आवेदन में बताया कि 2 मार्च की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह सिपाही रौशन कुमार के साथ नियमित गश्त के दौरान पिकेट के पास स्थित एक किराना दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ से नौ बदमाशों ने दोनों को रास्ते में घेर लिया और शराब पकड़वाने को लेकर नाराज़गी जताते हुए हमला कर दिया।
हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि हवलदार रामप्यारे पासवान को भी अंदरूनी चोटें आईं।
पहले भी हो चुकी है एक गिरफ्तारी
घटना के बाद 3 मार्च को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने वीडियो फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसी क्रम में पहले आरोपी गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
इसके बाद गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।
एसपी ने दी जानकारी
बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों शराब तस्कर हैं और इनके पास से अवैध हथियार व जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस कांड में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने या कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




