राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, शूटर का मुख्य सहयोगी दिनेश यादव गिरफ्तार

उबक्सर: बक्सर पुलिस ने करीब दस माह पहले हुए चर्चित राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को यह सफलता कर्मनाशा पुल के पास मिली।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश यादव उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के कासिमाबाद क्षेत्र के बताया जा रहा है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 26 मई 2025 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा पावर प्लांट के पास अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी और राजद नेता अर्जुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। इस मामले में अब तक नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हालांकि मुख्य शूटर का सहयोगी दिनेश यादव लगातार फरार चल रहा था। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह उत्तर प्रदेश से बक्सर की ओर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने कर्मनाशा पुल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उसने मुख्य शूटर के सहयोगी के रूप में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।




