
बक्सर: शराब तस्करी के खिलाफ मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मंगलवार को शहर के गंगा पुल के पास स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर एक कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, चेकपोस्ट पर उत्पाद निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। तलाशी लेने पर कंटेनर में टॉयलेट क्लीनर के कॉर्टन के अंदर छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।
जांच में कुल 108 कॉर्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 862.560 लीटर आंकी गई है। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंटेनर समेत पूरी शराब खेप को जब्त कर लिया है और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दाम हुसैन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिला अंतर्गत करौंदी कला थाना क्षेत्र के गोपालपुर सराय ख्वाजा गांव निवासी नवाब अली का पुत्र है।
मद्य निषेध एवं उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कंटेनर हरियाणा से पटना के दनियावां की ओर जा रहा था। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।




