रामनवमी को लेकर बक्सर में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च

बक्सर:रामनवमी के अवसर पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार की शाम रामनवमी की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में जिला मुख्यालय समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दंडाधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर फैलने से रोका जा सके।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, सदर एसडीओ अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




