
बक्सर. जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय के सभागार में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने स्मार्ट क्लास एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं का विधिवत उद्घाटन किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मंत्री रामनाथ ठाकुर ने अपने संबोधन में शिक्षा के आधुनिकीकरण और तकनीकी संसाधनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी बदलाव आवश्यक है.
इस मौके पर डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने महाविद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों को सशक्त बनाना समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है.
महाविद्यालय के अध्यक्ष गणपत मंडल एवं सचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में संस्थान की उपलब्धियों, प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी.
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा द्वारा किया गया. वहीं धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य कृष्ण अली अलवर्ट ने किया. कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान के साथ हुआ.
इस अवसर पर सहायक व्याख्याता माला दास, मनोज ठाकुर, अखिलेश मंडल, राजेश कुमार सिंह, पुष्पा सिंह, मंगल सिंह, अलका सिंह, निर्मल कुमार मिश्रा उर्फ संजय मिश्रा, भृगुनाथ सिंह, कुमार जैनेन्द्र, कुमार देवेन्द्र, हरिशंकर प्रसाद सहित महाविद्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे.




