
बक्सर। देश में पहली पूर्ण डिजिटल स्वजनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डिजिटल जनगणना प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्था और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीओ ने बताया कि यह भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी जो पूरी तरह कागज रहित और डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से डेटा संग्रहण अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक होगा।
एसडीओ अविनाश कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी ने डिजिटल जनगणना की पूरी प्रक्रिया को सरल एवं चरणबद्ध तरीके से समझाया। बैठक में संबंधित अधिकारी, कार्यालय कर्मी, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा पीडीएस डीलर उपस्थित रहे।




