
बक्सर/नावानगर। जिले के नावानगर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसके प्राइवेट पार्ट को जलाने का आरोप लगाया गया है। गंभीर हालत में युवक को सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार नावानगर गांव निवासी रौशन शर्मा अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने के लिए गांव के ही एक मैरेज हॉल गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे झाड़ियों से कराहने की आवाज सुनी। पास जाकर देखने पर युवक नग्न और घायल अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
शरीर पर चोट और जलने के गंभीर निशान
ग्रामीणों के अनुसार युवक के शरीर पर मारपीट के कई निशान पाए गए हैं। कमर के नीचे और प्राइवेट पार्ट के आसपास गंभीर रूप से जलने के निशान मिले हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है।

युवक के बयान से खुला मामला
इलाज के दौरान होश में आने के बाद युवक ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान परिवार के लोग जाग गए और युवक को घर में देख लिया। युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोप है कि इसके बाद प्रेमिका के परिजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और गर्म छोलनी से प्राइवेट पार्ट समेत शरीर के कई हिस्सों को दाग दिया।
युवक ने बताया कि पिटाई के बाद वह बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसे मृत समझकर नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस बोली – आवेदन मिलते ही होगी कार्रवाई
मामले की पुष्टि करते हुए ने बताया कि पीड़ित का इलाज चल रहा है और परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




