
बक्सर। संस्कार भारती बक्सर जिला इकाई की ओर से रविवार को जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के कलाकारों के हितों, सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 15 मई 2026, शुक्रवार को ‘नाद अर्चना संगीत बैठक’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

बैठक के दौरान संगठन की भावी योजनाओं, सांस्कृतिक आयोजनों की रूपरेखा तथा समाज में कला-संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में कार्यक्रम संयोजक अभिनव कुमार, कोषाध्यक्ष निकेश पांडेय, महामंत्री गुलशन सिंह सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




