राजपुर विद्युत पावर स्टेशन में भीषण आग, दो ट्रांसफार्मर जलकर खाक, बिजली आपूर्ति ठप

बक्सर/राजपुर. प्रखंड स्थित राजपुर विद्युत पावर सब स्टेशन में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और सब स्टेशन में लगे 10 एमबीए एवं 5 एमबीए के दो बड़े ट्रांसफार्मर इसकी चपेट में आ गए. हादसे में दोनों ट्रांसफार्मर बुरी तरह जल गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:20 बजे सब स्टेशन परिसर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ. इसके बाद निकली चिंगारियों ने ट्रांसफार्मर यार्ड में आग पकड़ ली. ट्रांसफार्मरों में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं और आग की लपटों से घिर गया.
घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद लाइनमैन और ऑपरेटरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है तथा लोगों से पावर स्टेशन से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है.
फिलहाल पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है. ट्रांसफार्मर जलने से राजपुर और आसपास के इलाकों में बिजली संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है. विभागीय अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल की टीम मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था. वहीं विभाग के अधिकारी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं.




