
बक्सर। बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के नव निर्मित कार्यालय, हाईवे गोलंबर स्थित परिसर में रविवार को जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता बिहार की राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहा पर BPSC TRE 4.0 की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों एवं बेरोजगार युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार और राजनीतिक दल युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे करते हैं, वही सत्ता में आने के बाद रोजगार मांगने वाले युवाओं की आवाज को लाठियों से दबाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थी अपने अधिकार एवं भविष्य की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को सुनने के बजाय पुलिस बल का प्रयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अपनी मांगों को उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं मौलिक अधिकार है। इसके बावजूद सरकार द्वारा युवाओं पर लाठीचार्ज कर दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
पंकज उपाध्याय ने कहा कि,
“BPSC TRE 4.0 की मांग कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज शर्मनाक है। जो युवा अपने हक और रोजगार की मांग कर रहे थे, उन्हें जवाब में लाठियां मिलीं। रोजगार मांगने पर लाठी और आवाज उठाने पर दमन — यही वर्तमान सरकार की असली तस्वीर है।”

उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती है तथा शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों का पूर्ण समर्थन करती है। कांग्रेस पार्टी हमेशा बेरोजगार युवाओं, किसानों, मजदूरों, व्यवसायियों, महिलाओं एवं समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
जिला अध्यक्ष ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि दमनकारी रवैया छोड़कर अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा जल्द समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडे, सत्येंद्र ओझा, ई० रामप्रश्न द्विवेदी, राजा रमन पांडे, त्रियोगी मिश्रा, अभिषेक जायसवाल सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




