
बक्सर। जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन परिसर के समीप महदह गांव में आयोजित श्री राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ महामहोत्सव का रविवार को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के माहौल में समापन हो गया। छह दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।
महाशक्ति कालरात्रि नवदुर्गा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में 5 मई से 10 मई तक आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई थी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन रासलीला, श्रीमद्भागवत कथा और रामलीला का मंचन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
धाम के पीठाधीश्वर द्वारिका दास महाराज ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रासलीला, शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा तथा रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक रामलीला का मंचन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

महोत्सव में श्रीरामजानकी आश्रम के महंत राजाराम शरण दास भी शामिल हुए और श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिया। वहीं लक्ष्मीनारायण त्रिदण्डी स्वामी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महायज्ञ का संचालन हरिद्वार से पहुंचे वैदिक विद्वान अमित भारद्वाज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कराया गया। समापन के दिन पूर्णाहुति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे आयोजन के दौरान महाशक्ति कालरात्रि नवदुर्गा धाम में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।




