BlogOthers

बक्सर की बेटी सोनम मौर्य का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा! DM ने किया सम्मानित, फाउंडेशन स्कूल ने बढ़ाया जिले का मान

बक्सर। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खो-खो खिलाड़ियों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस मौके पर U-14 खो-खो नेशनल गेम्स एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली फाउंडेशन स्कूल की छात्रा सोनम मौर्य को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। डीएम ने सोनम सहित जिले के सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दरअसल, शहर के इटाढ़ी रोड स्थित गुरुदास मठिया के फाउंडेशन स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फरवरी माह में आयोजित राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और छात्रों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा सोनम मौर्य का चयन U-14 बालिका वर्ग की बिहार खो-खो टीम में हुआ था। उन्होंने राजस्थान के केकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया। उनकी सफलता के पीछे विद्यालय के कोच इमरान खान, सुनील तिवारी और सरदार सिंह के मार्गदर्शन एवं कठिन मेहनत की अहम भूमिका रही। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को जिला, प्रमंडलीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए लगातार तैयार किया।

सोनम मौर्य के सम्मानित होने पर फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने कई जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। फाउंडेशन स्कूल लगातार विद्यार्थियों को उचित मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बक्सर जैसे छोटे शहर से निकलकर बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा की बात है। विद्यालय की यह सफलता आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!