
बक्सर. बिहार में NDA सरकार के छह महीने पूरे होने पर जन सुराज पार्टी ने मंगलवार को बक्सर स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए. पार्टी नेताओं ने सरकार पर युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बजरंगी सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन छह महीने बाद भी वे धरातल पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया था. इसके अनुसार प्रतिदिन हजारों युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है.
उन्होंने कहा कि बिहार में केवल 25 प्रतिशत मजदूरों को ही राज्य के भीतर काम मिल पा रहा है, जबकि अधिकांश मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं. इसे उन्होंने सरकार की रोजगार नीति की बड़ी विफलता बताया.

जिला अध्यक्ष ने BPSC TRE-4 भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ छल किया है. चुनाव से पहले भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है.
महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने के वादे पर भी जन सुराज नेताओं ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत किया गया वादा अब केवल चुनावी जुमला बनकर रह गया है. साथ ही बिहार पर लगातार बढ़ते कर्ज को भी चिंता का विषय बताया गया.
वहीं संगठन के जिला युवा अध्यक्ष अजीत सम्राट ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बिहार में हत्या, दुष्कर्म और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्होंने कहा कि NCRB डेटा जारी करने में हो रही देरी भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करती है.
महिला जिला अध्यक्ष आशा देवी ने नीट छात्रा हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना सरकार की बड़ी विफलता है. उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं.
नेताओं ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि 20 मई 2026 से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत की जा रही है. इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे.
मौके पर जिला अध्यक्ष बजरंगी सिंह, महिला अध्यक्ष आशा देवी, युवा अध्यक्ष अजीत सम्राट एवं कार्यालय प्रभारी विजय कुमार पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.




