
बक्सर। बक्सर-इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद जिला पदाधिकारी साहिला ने शनिवार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता एवं रेलवे अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को पुल के सभी तकनीकी अवयवों की तत्काल जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आरओबी पर किसी भी प्रकार की यातायात गतिविधि अगले आदेश तक पूरी तरह अवरुद्ध रहेगी।
इस दौरान मीडिया में पुल के उद्घाटन को लेकर चल रही खबरों पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता ने स्पष्ट किया कि आरओबी का अभी तक उद्घाटन नहीं हुआ है तथा इसका निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि संवेदक द्वारा कार्य में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

वहीं, आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से यातायात को जल्द सुचारु कराने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि आमजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की लगातार निगरानी की जा रही है।




