
बक्सर। जिले में अस्पतालों और नर्सिंग होमों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया। अनुमंडल अग्निश्मालय बक्सर क्षेत्र अंतर्गत जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न अस्पतालों में पहुंचकर सुरक्षा मानकों का जायजा लिया और कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक किया।
निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में आग से बचाव के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का मूल्यांकन करना तथा किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करना था। इस दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने अस्पताल परिसरों में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकासी मार्ग, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित प्रबंधन को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत हाईटेक हॉस्पिटल (काली मंदिर बायपास रोड), मां मुंडेश्वरी चिल्ड्रन हॉस्पिटल, मां शारदा हॉस्पिटल (हनुमान नगर बस स्टैंड), लाइफ लाइन हॉस्पिटल (हनुमान नगर बस स्टैंड), आर.पी. सेवा सदन हॉस्पिटल (प्रोफेसर कॉलोनी), बी.के. ग्लोबल हॉस्पिटल तथा पाल्स हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया। आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग तथा प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों को आपदा के समय घबराने के बजाय संयमित रहकर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने की सलाह दी।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। नियमित निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल फायर सर्विस को दें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग करें।
अग्निशमन विभाग का यह अभियान अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




