
बक्सर. मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय (बिहार) के सचिव एवं रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम को जिले के बेलौती गांव पहुंचकर दिवंगत भारत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग एवं न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया.
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने युवा सदस्य को खोना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक होता है. ऐसे कठिन समय में समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को समय पर न्याय, सम्मान और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन इस मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है और परिवार के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास करेगा.
सभा में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की आरा इकाई से अवधेश जी भी उपस्थित रहे. वहीं अरुण कुमार एवं राहुल कुमार ने भी पीड़ित परिवार के समर्थन में अपनी बात रखते हुए कहा कि यदि परिवार सरकारी सहायता एवं वैधानिक अधिकारों का पात्र है, तो उन्हें अब तक उनका हक क्यों नहीं मिल सका. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय एवं सभी वैधानिक लाभ उपलब्ध कराने की मांग की.

इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत भारत तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
कार्यक्रम के अंत में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन ने पुनः भरोसा दिलाया कि वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और न्याय एवं मानवीय अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव पहल करता रहेगा.




