
बक्सर। सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं मेडिकल टेक्नोलॉजी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, चिकित्सा विज्ञान तथा आधुनिक मेडिकल तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में कक्षा नौ एवं दस के विद्यार्थियों के लिए माँ मुंडेश्वरी अस्पताल, बक्सर में स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रबंधक धर्मेन्द्र पाण्डेय ने मेजर डॉ. पी. के. पाण्डेय को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने बक्सर में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं तथा चिकित्सकों की जनसेवा की सराहना की।
मेजर डॉ. पी. के. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य तथा किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय के सदुपयोग पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य राहुल जायसवाल ने किया।

दूसरे चरण में कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों का शिवरात्रि नर्सिंग होम का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिका पाण्डेय ने अस्पताल के प्रबंधक डॉ. आशुतोष सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डॉ. आशुतोष सिंह के प्रयासों की सराहना की।
भ्रमण के दौरान डॉ. आशुतोष सिंह ने विद्यार्थियों को अस्पताल में प्रयुक्त आधुनिक मेडिकल उपकरणों, डायग्नोस्टिक मशीनों, मॉनिटरिंग सिस्टम तथा प्रयोगशाला तकनीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने चिकित्सा विज्ञान से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका जेसिका विल्सन ने किया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वास्थ्य जागरूकता और समाज सेवा की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर शिक्षक भूपेन्द्र पाण्डेय, अग्रता सिंह, सुष्मिता ओझा, स्नेहा दुबे एवं शुभम कुमार समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने माँ मुंडेश्वरी अस्पताल और शिवरात्रि नर्सिंग होम के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




