
बक्सर. भारतीय डाक विभाग के बक्सर डाक मंडल की ओर से बुधवार को प्रधान डाकघर स्थित डाक अधीक्षक कार्यालय में ग्राहक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता डाक अधीक्षक बक्सर मंडल कुमारी सरिता ने की. बैठक का उद्देश्य ग्राहकों से सीधा संवाद स्थापित कर डाक सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं ग्राहक हितैषी बनाना था.
बैठक में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों और नियमित ग्राहकों ने भाग लिया. इस दौरान स्पीड पोस्ट, पार्सल, रजिस्ट्री, डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) सहित अन्य सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. ग्राहकों ने डाक विभाग की सेवाओं की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए.
डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग अन्य प्रमुख कूरियर कंपनियों की तुलना में सुरक्षित और किफायती दरों पर पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करा रहा है. उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से डाक विभाग की विश्वसनीय सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की.

उन्होंने बताया कि प्रधान डाकघर बक्सर में आधुनिक पार्सल पैकिंग यूनिट की सुविधा उपलब्ध है. अब ग्राहक एक ही जगह पर अपने पार्सल की सुरक्षित पैकिंग और बुकिंग करा सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी और सुविधा भी बढ़ेगी.
बैठक में ग्राहकों द्वारा रखी गयी समस्याओं और सुझावों पर डाक अधीक्षक ने गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि ग्राहकों की संतुष्टि विभाग की पहली प्राथमिकता है और प्राप्त सुझावों के आधार पर सेवाओं में लगातार सुधार किया जाएगा.
इस दौरान डाक विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब (@buxarpostaldivision) की जानकारी भी ग्राहकों को दी गयी. अधिकारियों ने लोगों से इन माध्यमों से जुड़कर विभाग की नई योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की.




