BlogOthers

आईईएसएम बक्सर ने मनाया मीडिया सम्मान समारोह

बक्सर . इंडियन एक्स सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की ओर से सैनिक कार्यालय मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में मीडिया सम्मान समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया. समारोह की अध्यक्षता आईईएसएम हेल्थ केयर शाहाबाद के चेयरमैन सह अध्यक्ष डॉ. मेजर पीके पांडेय और जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने की. कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया.

समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे करीब 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई. इसके बाद सभी मीडिया कर्मियों को अंग वस्त्र, घड़ी, कलम और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया.

इस मौके पर डॉ. मेजर पीके पांडेय ने कहा कि मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है. पत्रकार समाज की समस्याओं और दबे हुए लोगों की आवाज को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं. उन्होंने समारोह में शामिल सभी मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया.

आईईएसएम जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि मीडिया सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष इसी तरह आयोजित किया जाएगा. वहीं जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने कहा कि मीडिया समाज को आईना दिखाने का कार्य करती है. पत्रकार दिन-रात जोखिम उठाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की आवश्यकता जताई.

मानवता दिखाने वाले ई-रिक्शा चालक अर्जुन राम हुए सम्मानित

समारोह के दौरान मानवता की मिसाल पेश करने वाले हुकहा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अर्जुन राम को भी सम्मानित किया गया. उन्हें अंग वस्त्र, घड़ी, कलम, माला और सहयोग राशि प्रदान की गई. अर्जुन राम ने बंगाल निवासी सीआरपीएफ जवान जयंत कुमार की अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया था और तीन दिनों तक उनकी सेवा की थी.

आईईएसएम के पदाधिकारियों ने अर्जुन राम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका मनोबल बढ़ाने के लिए सहयोग राशि देने का निर्णय लिया.

समारोह के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और आईईएसएम बक्सर जिंदाबाद के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. अंत में सभापति कैप्टन बीएन पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की.

इस अवसर पर आईईएसएम बक्सर के सूबेदार मेजर द्वारिका पांडेय, लेफ्टिनेंट आरबी ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन श्रीकांत उपाध्याय, सूबेदार मेजर आरबी सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन संजय पाठक, कैप्टन आरसी पाल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग मौजूद थे.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!