
बक्सर। इटाढ़ी प्रखंड की उनवास पंचायत में कार्यरत ग्रामीण आवास सहायक राजकुमार का बुधवार देर रात निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से ग्रामीण आवास संघ एवं सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार का निधन 15 जुलाई की रात लगभग 10:10 बजे हुआ। उनके निधन पर ग्रामीण आवास संघ, बक्सर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। संघ ने परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
ग्रामीण आवास संघ के आह्वान पर गुरुवार को बक्सर जिले के सभी प्रखंडों में ग्रामीण आवास कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत राजकुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित कर्मियों ने उनके कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं सरल व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राजकुमार के निधन से ग्रामीण आवास विभाग के कर्मियों और उनके शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।





