BlogEntertainmentOthers

फाउंडेशन स्कूल एवं जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में साइबर सुरक्षा की पाठशाला

विद्यार्थियों को ठगी से बचाव के बताए गुर

 

बक्सर‘साइबर सुरक्षित बिहार’ जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार फाउंडेशन स्कूल एवं जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बिहार पुलिस, भारतीय स्टेट बैंक एवं इंटेनेक्स्ट के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ.

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बक्सर की पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या थीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में साइबर पुलिस डीएसपी एवं महिला थाना की थानाध्यक्ष उपस्थित रहीं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या ने विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहने, व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने पर बल दिया.

साइबर डीएसपी ने साइबर अपराध के तकनीकी पहलुओं, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी संपर्क सूत्र एवं संदेश, डिजिटल ठगी तथा सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं महिला थाना की थानाध्यक्ष ने छात्राओं को महिलाओं के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं, साइबर उत्पीड़न तथा उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक किया.

कार्यक्रम के तकनीकी विशेषज्ञ श्री अभिनव दास ने अपने तकनीकी एवं व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से साइबर सुरक्षा की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बताया कि छोटी-सी असावधानी भी साइबर अपराध का कारण बन सकती है.

फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण एवं जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज के प्रधानाचार्य डॉ. जे. आर. चौधरी ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को कार्यक्रम की उपयोगिता से अवगत कराया. डॉ. जे. आर. चौधरी ने प्रशिक्षुओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनने तथा डिजिटल तकनीक का ज्ञान सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से उपयोग करने की सलाह दी.

इस अवसर पर फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा, “आज के डिजिटल युग में केवल तकनीकी रूप से सक्षम होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि डिजिटल रूप से जिम्मेदार नागरिक बनना भी उतना ही आवश्यक है. ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर पुलिस अधीक्षक, साइबर पुलिस उपाधीक्षक एवं तकनीकी विशेषज्ञ ने सरल एवं प्रभावी ढंग से दिया। प्रश्नोत्तर सत्र ने कार्यक्रम को अत्यंत संवादात्मक एवं उपयोगी बना दिया। साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा.

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय एवं संस्थान प्रशासन ने बिहार पुलिस, भारतीय स्टेट बैंक, इंटेनेक्स्ट तथा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम ने विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सजग, सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का महत्वपूर्ण संदेश दिया.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!