BlogOthers

ताइक्वांडो में बक्सर की बेटियों ने बढ़ाया मान, फाउंडेशन स्कूल को मिले दो पदक

1600 खिलाड़ियों के बीच शारदा ने स्वर्ण तो अंजलि ने कांस्य जीतकर विद्यालय का नाम किया रोशन

बक्सर. उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां स्थित बीपीएमजी पब्लिक स्कूल में 17 से 21 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में फाउंडेशन स्कूल बक्सर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा शारदा कुमारी ने अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, इसी वर्ग में विद्यालय की छात्रा अंजलि कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया.

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से करीब 1600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच फाउंडेशन स्कूल की दोनों छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है.

शारदा ने स्वर्ण जीतकर बढ़ाया गौरव

अंडर-19 वर्ग में शारदा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. उनकी इस उपलब्धि से उनके माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार में हर्ष है. शारदा की सफलता ने बक्सर के खेल जगत में भी विद्यालय का गौरव बढ़ाया है. वहीं, अंजलि कुमारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया.

दोनों छात्राओं की उपलब्धि से यह साबित हुआ कि फाउंडेशन स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन दिया जा रहा है.

पदक जीतने की परंपरा बरकरार

ताइक्वांडो में फाउंडेशन स्कूल की छात्राओं ने पिछले कई वर्षों से लगातार पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है. इस बार भी ईस्ट जोन स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर छात्राओं ने विद्यालय की इस गौरवशाली परंपरा को कायम रखा.

विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने शारदा कुमारी और अंजलि कुमारी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी. उन्होंने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि दोनों बच्चियां पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी विद्यालय का नाम रोशन करती रहें. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. विद्यालय विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता है.

माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग को दिया श्रेय

स्वर्ण पदक विजेता शारदा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं माता-पिता के सहयोग को दिया. उन्होंने बताया कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने में विद्यालय के शिक्षकों के साथ उनके पिता अजय मंडल और मां का लगातार सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है. इसी सहयोग से उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है.

शारदा और अंजलि की सफलता पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी. विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों छात्राएं आने वाले दिनों में भी ताइक्वांडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बक्सर और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन करेंगी.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!