BlogOthers

शांतिपूर्ण हुआ प्रतिमा विसर्जन, एसडीएम ने बक्सरवासियों का जताया आभार

बक्सर। दुर्गा पूजा के बाद शहर में प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. सिपाही घाट पर अंतिम प्रतिमा के विसर्जन तक स्थिति पूरी तरह सामान्य रही. मौके पर मौजूद सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बक्सरवासियों और पूजा समितियों के प्रति आभार जताया.

एसडीएम ने कहा कि दशहरा पर्व के दौरान पूजा पंडालों के आयोजकों और कार्यकर्ताओं की ओर से प्रशासन को पूरा सहयोग मिला. प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी लोगों ने संयम और सहयोग का परिचय दिया, जिससे व्यवस्था सामान्य बनाए रखने में काफी मदद मिली. उन्होंने कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन के साथ आम लोगों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है.

पूजा समितियों और आम लोगों के सहयोग की सराहना

एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक लोगों ने सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखा. पूजा समितियों के आयोजकों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारी निभायी. इसके लिए उन्होंने सभी पूजा समितियों और बक्सर की जनता को धन्यवाद दिया.

सुबह से देर रात तक सक्रिय रहे स्वच्छता सुपरवाइजर

प्रतिमा विसर्जन के दौरान नगर परिषद के स्वच्छता सुपरवाइजर आशुतोष कुमार सिंह भी सुबह से देर रात तक व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे. स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ-साथ मौके पर उत्पन्न छोटी-मोटी झड़पों को शांत कराने में भी उन्होंने पहल की. विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित कर स्थिति को सामान्य बनाए रखने में उनकी सक्रिय भूमिका रही.

अव्यवस्था फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि कहीं से भी अव्यवस्था फैलाने अथवा असामाजिक गतिविधियों की सूचना मिलने पर प्रशासन मामले की जांच करेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जायेगी.

उन्होंने कहा कि प्रशासन की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इसके लिए उन्होंने बक्सरवासियों, पूजा समितियों, कार्यकर्ताओं और व्यवस्था में लगे सभी कर्मियों के प्रति आभार जताया.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!