
बक्सर. नगर थाना क्षेत्र के यमुना चौक के समीप स्थित केसरी जनरल स्टोर में गुरुवार देर रात अचानक आग लग गयी। आग लगते ही दुकान से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बक्सर फायर ब्रिगेड को दी.
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया.आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की दो बड़ी और एक छोटी गाड़ी को लगाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया.
जानकारी के अनुसार, यमुना चौक के समीप बबलू केसरी की केसरी जनरल स्टोर की दुकान है. आग लगने के कारण दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है.हालांकि, आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है.

दो बड़ी व एक छोटी गाड़ी से बुझायी गयी आग
बक्सर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने बताया कि यमुना चौक स्थित जनरल स्टोर में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. आग पर काबू पाने के लिए दो बड़ी और एक छोटी अग्निशमन गाड़ी की मदद ली गयी
.करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया गया. उन्होंने बताया कि दुकान में बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था, जिसके जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.



