
बक्सर। भोजपुरी सितारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, हजारों दर्शकों की भीड़ और नई बाइक की लॉन्चिंग। मंगलवार को बक्सर का किला मैदान उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया। मौका था माखनभोग हीरो की ओर से हीरो मोटोकॉर्प की नई बाइक ग्लैमर एक्स एबीएस (Glamour X ABS) की भव्य लॉन्चिंग का। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला कल्लू, अभिनेत्री डिम्पल सिंह समेत कई कलाकारों की मौजूदगी ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, नगर परिषद की मुख्य पार्षद कमरुन निशा, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय और माखनभोग हीरो के संचालक सुमित पाहवा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
गणेश वंदना से आगाज, भोजपुरी गीतों पर झूमे दर्शक

समारोह की शुरुआत गणेश वंदना और माता लक्ष्मी की आराधना से हुई। इसके बाद भोजपुरी संगीत और मनोरंजन का रंग चढ़ने लगा। अरविंद अकेला कल्लू, डिम्पल सिंह समेत अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने और उनके गीतों का आनंद लेने के लिए किला मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मैदान दर्शकों की तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
आधुनिक फीचर्स और एबीएस तकनीक से लैस है नई ग्लैमर एक्स
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हीरो मोटोकॉर्प की नई ग्लैमर एक्स एबीएस बाइक को भव्य तरीके से लॉन्च किया गया। इस दौरान बाइक के आधुनिक फीचर्स और तकनीकी खूबियों की जानकारी भी दी गई। एबीएस तकनीक से लैस इस बाइक को लेकर युवाओं और बाइक प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। माखनभोग हीरो की ओर से बाइक की खरीदारी पर ग्राहकों को आकर्षक ऑफर्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
माखनभोग हीरो के संचालक सुमित पाहवा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कलाकारों और बक्सरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं से युक्त दोपहिया वाहन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी कड़ी में नई ग्लैमर एक्स एबीएस को भव्य समारोह के माध्यम से बक्सर के ग्राहकों के बीच पेश किया गया।




