
बक्सर. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नई बाजार मठिया मोड़ के समीप रविवार की रात बारात में शामिल लोगों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गयी. घटना में कई बाराती घायल हो गये. घायलों में सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी परविंदर उर्फ करिया और राजा सिंह समेत अन्य लोग शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल करिया सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है.
मैरेज हॉल का रास्ता पूछने के बाद शुरू हुआ विवाद :
जानकारी के अनुसार, गांव से एक बारात बक्सर आयी थी. बारात में शामिल कुछ लोगों के नशे की हालत में होने की बात सामने आ रही है. इसी दौरान नई बाजार मठिया मोड़ के पास बारात में शामिल लोगों ने दो स्थानीय युवकों से मैरेज हॉल का रास्ता पूछा. आरोप है कि किसी बात को लेकर युवकों से विवाद हो गया और बारातियों ने उनके साथ मारपीट तथा स्थानीय लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी.
इसके बाद देखते ही देखते मामला बढ़ गया. स्थानीय लोगों ने भी बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान 10 से अधिक लोग मारपीट में शामिल थे. घटना में कई बारातियों को चोटें आयीं.

सिर और पैर में लगी गंभीर चोट :
मारपीट में परविंदर उर्फ करिया सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आयीं. घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए करिया सिंह को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया.
सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी पुलिस :
घटना के बाद सोमवार को घायल बाराती शिकायत दर्ज कराने मुफस्सिल थाना पहुंचे. थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि मारपीट की घटना सामने आयी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.



