
बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के जेल पाईन आइटीआइ रोड में स्थानीय लोगों ने करीब 10 बछड़े-बछिया लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया. लोगों के रोकने पर पिकअप चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर फरार हो गये. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर लिया. सभी बछड़े-बछिया को सुरक्षित आदर्श गौशाला पहुंचाया गया.
बताया जाता है कि वार्ड नंबर पांच के वार्ड पार्षद दीपक सिंह ने पिकअप वाहन को जाते हुए देखा. वाहन पर संदेह होने पर उन्होंने बाइक से पिकअप का पीछा किया. कुछ दूर आगे जाकर उन्होंने पिकअप को रोक लिया. पिकअप रुकते ही उसमें सवार चालक और दूसरा व्यक्ति वाहन से उतरकर भागने लगे. इसके बाद पिकअप वाहन की जांच की गयी तो उसमें करीब 10 बछड़े-बछिया लदे मिले. इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर थाना ले आयी. पुलिस ने वाहन में लदे सभी बछड़े-बछिया को सुरक्षित तरीके से आदर्श गौशाला पहुंचाया, जहां उनका रखरखाव किया जा रहा है.

इस संबंध में पशु क्रूरता पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि पिकअप से बरामद सभी बछड़े-बछिया को आदर्श गौशाला लाया गया है. सभी को सुरक्षित रखा गया है. मामले में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में करीब 10 बछड़े-बछिया को लेकर जाया जा रहा है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर थाना ले आयी. पशु क्रूरता पदाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस फरार चालक और दूसरे व्यक्ति की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है.



