चोरी के दो मोबाइल के साथ आरपीएफ के हत्थे चढ़ा शातिर चोर


बक्सर। दानापुर मंडल के अंतर्गत बक्सर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी।
आरपीएफ ने प्लेटफॉर्म संख्या-01 से चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन के साथ एक चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो चोरी के मोबाइल फोन के अलावा ₹2790 नकद बरामद किए गए। आरपीएफ ने बरामद सामानों के साथ आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी थाना को सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहर के मुसाफिरगंज निवासी भोला अंसारी के 20 वर्षीय पुत्र सोहेल अंसारी के रूप में हुई है। जीआरपी थाना में कांड पंजीकरण कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे सुरक्षा बल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से स्टेशन परिसर में नियमित रूप से चेकिंग व निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह सफलता आरपीएफ जांच टीम के एसआई विजेंद्र मुवाल, एएसआई नंदलाल राम एवं कंस्टेबल सोनालाल यादव की सतर्कता और तत्पर कार्रवाई से संभव हो सकी।



