Crime

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, यात्री सामान चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यात्री सामानों की चोरी में संलिप्त असामाजिक तत्वों की धर-पकड़ के लिए सघन जांच व गश्ती की गई।

अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल, आरक्षी राहुल यादव एवं सीआईबी दानापुर के प्रधान आरक्षी वीरेंद्र कुमार गुप्ता की टीम द्वारा बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर गश्ती की जा रही थी। इसी क्रम में दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में देखा गया, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम व पता क्रमशः क्रिश कुमार ठाकुर, ग्राम धरौली, थाना बगेन गोला, तथा शिवम कुमार, ग्राम मीरगंज, थाना नगर, आरा, भोजपुर जिला बताया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन तथा दूसरे के पास से मोबाइल फोन का सिम कार्ड बरामद किया गया।

आगे पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि बीती रात गाड़ी संख्या 13201 अप के बक्सर स्टेशन से खुलने के दौरान सोए हुए एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी किया था। इसके बाद मौके पर सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बरामद सामान के साथ अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी थाना बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया।
ज्ञात हो कि निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ बक्सर कुंदन कुमार के नेतृत्व में यात्री सामानों की चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!