नेटुआ वीर बाबा परिसर में भव्य हरिकीर्तन का समापन, हजारों जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण


बक्सर: वास्तु बिहार फेज–वन, इटाढ़ी रोड, हुकहां स्थित नेटुआ वीर बाबा के पावन प्रांगण में सोमवार को आयोजित भव्य हरिकीर्तन का समापन सामाजिक समरसता, सेवा और श्रद्धा के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति से पूर्व जिले के हजारों गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण का आयोजन किया गया।
कंबल वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखर युवा समाजसेवी एवं प्रॉपर्टी डीलर सत्येन्द्र यादव उर्फ घुरभारी यादव ने किया। इस पुण्य अवसर पर बक्सर लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, राजद जिला अध्यक्ष शेषनाथ यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने कर-कमलों से जरूरतमंदों को कंबल प्रदान कर मानवता और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के उपरांत हरिकीर्तन में शामिल स्थानीय क्षेत्र समेत दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। भक्ति, सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय रहा।

इस अवसर पर हरेन्द्र सिंह, दीपक यादव, छात्र नेता तुषार विजेता, पूर्व चेयरमैन अक्षयवर यादव, चौसा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. मनोज यादव, दिनारा प्रखंड प्रमुख मुन्ना यादव, पूर्व मुखिया इंद्रदेव यादव सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक, बक्सर प्रखंड के दर्जनों मुखिया, जिले के कई पूर्व मुखिया और हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे।



