गणिनाथ गोविंद जी का वार्षिक पूजा महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न
रामरेखा घाट स्थित प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन व भंडारे का हुआ आयोजन

बक्सर। रामरेखा घाट स्थित श्री बाबा गणिनाथ गोविंद जी प्राचीन मंदिर में शनिवार को बाबा गणिनाथ गोविंद जी का वार्षिक पूजा महोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन-पूजन किए और सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
बाबा गणिनाथ गोविंद जी मद्धेशिया-कानू समाज के आराध्य एवं कुलदेवता के रूप में पूजनीय हैं. वार्षिक पूजा के दौरान सुबह नौ बजे विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया. इसके बाद दोपहर 12 बजे भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया.
युवाओं ने संभाली मंदिर की व्यवस्था

मंदिर की सेवा एवं धार्मिक परंपरा से जुड़े स्वर्गीय काशीनाथ गुप्ता महंत जी के नाती कुमार राज गुप्ता (राजा गुप्ता) वर्तमान में मंदिर के न्यासी एवं व्यवस्थापक के रूप में आयोजन की व्यवस्था एवं देखरेख में सक्रिय रहे. उनके नेतृत्व में वार्षिक पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाबा गणिनाथ युवा टीम के सदस्यों ने विशेष भूमिका निभाई. युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ मंदिर की व्यवस्था संभाली और श्रद्धालुओं की सेवा की. इस अवसर पर कुमार राज गुप्ता ने युवा टीम के सदस्यों को उनके सराहनीय सहयोग एवं सेवा भावना के लिए बधाई दी.
प्रेम, एकता व सेवा का दिया संदेश
पूजा महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा. श्रद्धालुओं ने बाबा गणिनाथ गोविंद जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. आयोजकों ने कहा कि बाबा गणिनाथ जी के आदर्शों से समाज को प्रेम, एकता, सेवा, सद्भाव और आपसी भाईचारे की प्रेरणा मिलती है. नई पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना भी इन आदर्शों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, युवा टीम के सदस्यों, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का आयोजन समस्त मद्धेशिया कानू परिवार की ओर से किया गया.




