
बक्सर. चौसा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति के तत्वावधान में शनिवार को स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन एवं अनशन जारी रहा. आंदोलन के माध्यम से समिति ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की.
समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पार्षद, बक्सर अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौसा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है. इसके बावजूद स्टेशन पर कई आवश्यक यात्री सुविधाओं का अभाव है. इसके कारण प्रतिदिन यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यात्रियों की समस्याओं के समाधान और उनकी जायज मांगों को लेकर समिति द्वारा आंदोलन किया जा रहा है.
ये हैं प्रमुख मांगें

समिति ने चौसा रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है. इनमें ट्रेन संख्या 03287/03288 बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर का दोनों दिशाओं में ठहराव शामिल है. इसके अलावा श्रमजीवी एक्सप्रेस एवं हावड़ा-अमृतसर मेल का दोनों दिशाओं में चौसा स्टेशन पर ठहराव, मगध एक्सप्रेस एवं जन शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गयी है.
समिति ने स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट, डिलक्स शौचालय, वातानुकूलित रिटायरिंग रूम और वाटर कूलर की व्यवस्था करने तथा चौसा रेलवे स्टेशन पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली शुरू करने की भी मांग की है.
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
डॉ. यादव ने कहा कि यात्रियों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए. उन्होंने क्षेत्र की जनता, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रियों के अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत करने की अपील की.
चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की समस्याओं के समाधान और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा. समिति ने कहा कि आगे की रणनीति भी इसी के अनुरूप तय की जायेगी.
धरना-प्रदर्शन में विश्वजीत कुमार उपाध्याय, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, कैप्टन अशोक यादव, आनंद रावत, भरत पांडे, रामलखन पाल, सुनील कुमार सिंह, अश्वनी कुमार वर्मा, उदय सर, विजय कुमार धूसिया, जगजीवन राम, मिरहमजा खान, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, अशोक राम, इम्तियाज रजक, अमित चौधरी, सुधीर कुमार मालाकार, रामचंद्र मालाकार, शिवशंकर राम, गोविंद खरवार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.



