BlogOthers

बिहार सेंट्रल स्कूल की संस्थापिका राजमातो देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

बक्सर. शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में शुक्रवार को विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय राजमातो देवी की सातवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनायी गयी. कार्यक्रम का आयोजन देवी राजमातो रामछबीला एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में किया गया. इस अवसर पर परिजनों, विद्यालय परिवार और शुभचिंतकों ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजमातो देवी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया. इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा बिहार सेंट्रल स्कूल की स्थापना के उद्देश्य को भी स्मरण किया गया.

पुण्यतिथि कार्यक्रम में उनके पुत्र इंजीनियर रणविजय बहादुर सिंह, उर्मिला सिंह, डॉ. उदय कुमार सिंह, सरोज कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे. इसके अलावा कौशल्या देवी, कृष्णा देवी समेत विद्यालय परिवार से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

शिक्षा के प्रति समर्पण को किया याद

मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय राजमातो देवी का जीवन शिक्षा और समाज के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है. उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए बिहार सेंट्रल स्कूल की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उनके प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी नींव तैयार हुई, जो आज भी विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा का स्रोत है.

परिजनों और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि राजमातो देवी भले ही आज भौतिक रूप से उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संस्कार और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण सदैव लोगों को प्रेरित करता रहेगा. पुण्यतिथि के अवसर पर सभी ने उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और उनकी स्मृतियों को नमन किया.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!