
बक्सर. भारतीय डाक विभाग, बक्सर प्रमंडल की ओर से विशेष अभियान-6 के तहत शुक्रवार को स्वच्छता, जनभागीदारी और नागरिक-केंद्रित डाक सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. अभियान 31 अक्तूबर तक जारी रहेगा.
अभियान के तहत बक्सर प्रमंडल के पोखराहाँ शाखा डाकघर, भदार शाखा डाकघर और चुरामनपुर उप डाकघर में डाक चौपाल का आयोजन किया गया. इसमें कुल 142 लोगों ने भाग लिया. डाक चौपाल के माध्यम से लोगों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी.
समस्याओं के समाधान पर रहा जोर

डाक चौपाल के दौरान नागरिकों की शिकायतों और लंबित समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया. साथ ही डाक सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और सेवाओं में सुधार के लिए लोगों से सुझाव एवं प्रतिक्रिया भी प्राप्त की गयी. विभाग की ओर से लोगों को उपलब्ध डाक सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया.
डाकघरों में चला स्वच्छता अभियान
विशेष अभियान-6 के तहत बक्सर प्रधान डाकघर की सर्वर शाखा, बीजी गंज उप डाकघर, चुरामनपुर उप डाकघर सहित अन्य उप डाकघरों में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया गया. कार्यालय परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाये गये.
विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ और सुव्यवस्थित डाक कार्यालयों के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही नागरिकों के साथ संवाद को मजबूत करने तथा स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.



