BlogOthers

जदयू जिला उपाध्यक्ष रवि राज ने किया संजय झा व उमेश कुशवाहा का स्वागत, ‘नीतीश संवाद’ की सफलता पर जतायी खुशी

बक्सर. फरक्का जल संधि के पुनर्विचार और बिहार के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर जदयू की ओर से बक्सर से ‘नीतीश संवाद’ अभियान की शुरुआत की गयी. कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली. इस दौरान जदयू जिला उपाध्यक्ष रवि राज ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया.

कार्यक्रम के बाद रवि राज ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद बक्सर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर पार्टी का आयोजन हुआ, जो सफल रहा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी से पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का भी प्रदर्शन हुआ.

रवि राज ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय डुमरांव विधायक राहुल सिंह को देते हुए कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय के कारण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. उन्होंने कहा कि विधायक लगातार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखते हैं, जिसका असर कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आयोजन की व्यवस्था में भी देखने को मिला.

उन्होंने बताया कि बक्सर से शुरू हुआ ‘नीतीश संवाद’ अभियान गंगा किनारे बसे बिहार के 12 जिलों में चलाया जायेगा. अभियान के दौरान फरक्का जल संधि के पुनर्विचार के साथ बिहार के जल अधिकार, गंगा में बढ़ती गाद, बाढ़, सिंचाई और किसानों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच रखा जायेगा.

रवि राज ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के नेतृत्व में चलने वाले इस जनसंवाद अभियान के आगामी कार्यक्रमों में डुमरांव विधायक राहुल सिंह के साथ वे स्वयं भी बक्सर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि बिहार के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर जदयू कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी मजबूती से काम करेंगे.

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष निराला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!