
बक्सर. नया बाजार स्थित डॉक्टर केके मंडल महिला महाविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गयी. कार्यक्रम का आयोजन एसटीपीएल थर्मल पावर प्लांट, चौसा, बक्सर के सौजन्य से किया गया. प्रतियोगिता की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार ने की, जबकि मंच संचालन प्रो. रामाधार सिंह ने किया.
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता पैदा करना था. प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि व्यक्तिगत जीवन से लेकर सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर तक ईमानदारी, जवाबदेही एवं पारदर्शिता जरूरी है. छात्राओं ने कहा कि युवाओं में नैतिक मूल्यों की मजबूत नींव रखकर ही भ्रष्टाचार मुक्त और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है.
करीब 30 छात्राओं ने लिया हिस्सा

भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की करीब 30 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किये. प्रतियोगिता में स्मृति सिन्हा, साक्षी कुमारी, साक्षी सिंह, नंदिनी वर्मा, रिया कुमारी, राजनंदनी, सिंटू कुमारी, रीना कुमारी, मधु पटेल, पुनीता यादव, काजल कुमारी, रिद्धि कुमारी, अंशु कुमारी, गोल्डी कुमारी, शबनम खातून, पिंकी कुमारी, सफिया खातून, श्रुति कुमारी, माया कुमारी, चंचल कुमारी, रुबी कुमारी, अपर्णा कुमारी, अनिशा कुमारी और प्रीति कुमारी समेत अन्य छात्राओं ने भाग लिया.
समापन समारोह में पुरस्कृत होंगी विजेता छात्राएं
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन एसटीपीएल के अधिकारियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया जायेगा. सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जायेगा. प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ सत्यनिष्ठा, नैतिक जिम्मेदारी और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया.
कार्यक्रम में प्रो. धीरेंद्र कुमार, प्रो. परमहंस सिंह, प्रो. इंद्रमणिलाल, प्रो. मनोरमा कुमारी, प्रो. अल्पना वर्मा, प्रो. रवि शंकर सिंह, प्रो. भुनेश्वर यादव, प्रो. राधा कृष्ण कुमार, प्रशांत कुमार, रामनाथ सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया.



