
बक्सर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रोट्रैक्ट क्लब बक्सर की ओर से गोयल धर्मशाला में श्रीकृष्ण सज्जा प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 80 बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के रूप में हिस्सा लिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुतियों से गोयल धर्मशाला का परिसर गोकुलमय नजर आया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रोहतास गोयल, विशिष्ट अतिथि दिलशाद आलम, रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटे. निर्मल कुमार सिंह तथा निर्णायक मंडल के सदस्य राधेश्याम प्रजापति, अमृता केशरी और शुभम कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और आकर्षक वेशभूषा की सराहना की।
प्रतियोगिता में गार्डन ऑफ गॉड स्कूल के एकांत मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट्रल पब्लिक स्कूल के अनुभव शर्मा और रेडवुड्स स्कूल के शशांक पाठक संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। गार्डन ऑफ गॉड स्कूल के श्रेयांश मिश्रा ने चतुर्थ, रेडवुड्स स्कूल के दिव्यांशु राय ने पंचम और सेंट्रल पब्लिक स्कूल के आयुष्मान गुप्ता ने छठा स्थान प्राप्त किया।

इसी तरह गार्डन ऑफ गॉड स्कूल के अत्रव सिंह सातवें, श्रेयांश चौरसिया आठवें, बानी मिश्रा नौवें तथा कैम्ब्रिज स्कूल के प्रियांशु कुमार दसवें स्थान पर रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने ट्रॉफी, उपहार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
निर्णायक मंडल के राधेश्याम प्रजापति, शुभम कुमार और अमृता केशरी ने निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के रोटे. एसएम साहिल, रोटे. प्रभुनाथ, रोटे. मंजेश केशरी और रोटे. सुनील वर्मा मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में रोट्रैक्ट क्लब अध्यक्ष सागर वर्मा, सचिव प्रीतम वर्मा, प्रोजेक्ट चेयरमैन राज गुप्ता सहित अभिषेक दुबे, आशु सुमन, प्रिंस जायसवाल, अमन राज वर्मा, अमित वर्मा, राहुल गुप्ता, वेद प्रकाश और सूरज गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।




