
बक्सर. आगामी पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय चुनावों को लेकर जन सुराज पार्टी की ओर से सोमवार को बक्सर स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी दिवाकर पाठक ने किया. बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के नेता व पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान चुनावी तैयारियों, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गयी.
बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश चुनाव संयोजक किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा, शाहाबाद परिक्षेत्र प्रभारी रविंद्र द्विवेदी, जेएसओ अध्यक्ष विनय कृष्णा मिश्रा, राजवंत सिंह और कमलेश सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे.
पंचायत से संसद तक योग्य लोगों को मिले नेतृत्व का अवसर

मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज की कल्पना की थी, लेकिन इसकी मूल भावना अभी पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पायी है. उन्होंने कहा कि पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर का मानना है कि बदलाव केवल सांसद और विधायक के चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए. पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद तक अच्छे एवं योग्य लोगों को नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकायों में शिक्षित, योग्य तथा समाज के प्रति समर्पित लोगों को आगे लाना जन सुराज का उद्देश्य है. स्थानीय स्तर पर योग्य लोगों के नेतृत्व से बेहतर व्यवस्था और जनहित सुनिश्चित किया जा सकता है.
सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी
किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकायों में शराब, भूमि और बालू माफिया जैसे प्रभावों को रोकने के लिए जन सुराज लगातार काम कर रहा है. आगामी परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों समेत पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय की सभी सीटों पर योग्य उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है.
प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह जन सुराज ने बांकीपुर में सफलता हासिल की है, उसी तरह शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के एमएलसी चुनाव में भी पार्टी अपने प्रत्याशियों के साथ मैदान में है. उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय चुनावों में मजबूत संगठन और जनभागीदारी के साथ योग्य एवं समर्पित लोगों को चुनाव मैदान में उतारा जायेगा.
बैठक में कनक लता सिंह, धर्मेंद्र पांडे, मोहम्मद फैयाज खान, धनजी पांडे, फाइटर सिंह, ललक राय, जयराम कुशवाहा, रघुवर सिंह, अजीत सम्राट, विजय पाठक, धनंजय पासवान, विष्णुदेव राय, प्रभु ओझा, श्रीमान राय, नीलू, शंभू प्रसाद यादव, खरवार, जगदंबा, नजीर खान, विजय आनंद वर्मा, मनीष उपाध्याय, मनोज उपाध्याय, अरविंद गुप्ता, योगेंद्र यादव, रेनू प्रजापति, अभिषेक सिंह, बनारसी बिहारी, शिवनंदन ठाकुर और विकास पाठक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.



