
बक्सर. चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया गया. जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न सवालों और आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठायी.
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निष्कासन की प्रक्रिया शुरू करने, चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गयी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता का विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है. पार्टी इन मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाती रहेगी.

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरिशंकर त्रिवेदी, संजय पांडेय, महिमा शंकर उपाध्याय, गणेश पांडेय, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण उपाध्याय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला देवी, प्रखंड अध्यक्ष राजा तिवारी, मोहित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रही.



