बक्सर. नगर थाना क्षेत्र के बुधनपुरवा मोहल्ले में फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे वारंटी की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को पहुंची नगर थाना पुलिस की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई अजय कुमार भी जख्मी हो गए. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जानकारी के अनुसार नगर थाना पुलिस की टीम फायरिंग के मामले में फरार वारंटी को गिरफ्तार करने बुधनपुरवा मोहल्ले पहुंची थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
हमले में सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार का हाथ टूट गया, जबकि एएसआई अजय कुमार को भी चोटें आईं. घायल पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों ने सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि एएसआई अजय कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर हमले में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है.
एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि फायरिंग मामले के एक वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.




