
बक्सर: अनुमंडल कार्यालय बक्सर में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित सभी कृषि समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक में पराली जलाने पर रोक, हार्वेस्टर से फसल कटाई का नियमन, गर्मी के मौसम में अगलगी की घटनाओं की रोकथाम सहित कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र में किसानों को हो रही समस्याओं की जानकारी भी कृषि समन्वयकों से ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी कृषि समन्वयकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को पराली जलाने से रोकें तथा इसके दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक करें।
हार्वेस्टर संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए।
सभी हार्वेस्टर का निबंधन अनिवार्य बताया गया तथा उनके फिटनेस की नियमित जांच करने को कहा गया, क्योंकि कई बार हार्वेस्टर से भी आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। साथ ही हार्वेस्टर चालकों के सत्यापन और उनके प्रशिक्षित होने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों को रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया, ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा खेतों में आग लगाने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। “रोको-टोको अभियान” चलाकर उन लोगों पर नजर रखने को कहा गया, जो लापरवाही से बीड़ी-सिगरेट खेतों में फेंक देते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा अग्निशमन पदाधिकारी को फसल कटाई के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए। सभी कृषि सलाहकारों को आवश्यक विभागों—अग्निशमन, विद्युत एवं पुलिस—के अधिकारियों के संपर्क नंबर अपने पास रखने को अनिवार्य किया गया।




